अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Palamu : जिले में हुए छह करोड़ रुपये के बैंक घोटाले का पर्दाफाश करते हुए हुसैनाबाद पुलिस ने झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, दंगवार शाखा के पूर्व शाखा प्रबंधक मनोज कुमार सिंह (33) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहार के सासाराम से पकड़ा गया। वह बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के कोनौली गांव का निवासी है। शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामला हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 47/2024 से संबंधित है। जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी मनोज कुमार सिंह ने शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यरत रहते हुए बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं कीं। उसने 11 महिला समूह खातों से फर्जी तरीके से ऋण स्वीकृत कर निकासी की। साथ ही, कई विशेष सावधि जमा (एफडी) खातों से भी ग्राहकों की जानकारी और सहमति के बिना करोड़ों रुपये निकाल लिए।
आरोपी ने चालाकी से ग्राहकों की पहचान संख्या (KYC Details) का दुरुपयोग कर उन्हीं के नाम से फर्जी बचत खाते खोले और एफडी की राशि उन खातों में ट्रांसफर कर दी। बाद में उसने यह रकम अपने परिचितों के खातों में भेजकर नकद निकासी कर ली।
जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने कुल 6 करोड़ 3 लाख 34 हजार 245 रुपये का गबन किया था। हालांकि, बैंक को उसने 4 करोड़ 66 लाख 89 हजार 942 रुपये वापस कर दिए हैं।
घोटाले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ हुसैनाबाद एस. मोहम्मद याकूब (भापुसे) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम में अंचल निरीक्षक बिनोद राम (अनुसंधानकर्ता), अफजल अंसारी, मुकेश कुमार, सोनू कुमार, रमण यादव, कालिका राम, सिंगराय हेम्ब्रम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजैक्शन डेटा के माध्यम से लगातार निगरानी रखी। कई सप्ताह की कड़ी जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
एसडीपीओ मोहम्मद याकूब ने बताया कि यह एक सुनियोजित आर्थिक अपराध था, जिसे पुलिस ने टीमवर्क और तकनीकी जांच के माध्यम से सुलझाया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के बैंक घोटाले आम जनता के विश्वास को तोड़ते हैं और पुलिस ऐसी धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

