फॉण्ट कनवर्टर NEW

पेरू में जोस जेरी बने नए राष्ट्रपति, दीना बोलुआर्टे को संसद ने पद से हटाया

World News: पेरू की राजनीति में शुक्रवार देर रात बड़ा बदलाव देखने को मिला। देश की संसद ने राष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे को पद से हटाने के बाद कांग्रेस नेता जोस जेरी को देश का नया राष्ट्रपति घोषित कर दिया। 38 वर्षीय जोस जेरी ने आधी

अपनी भाषा में पढ़ें

World News: पेरू की राजनीति में शुक्रवार देर रात बड़ा बदलाव देखने को मिला। देश की संसद ने राष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे को पद से हटाने के बाद कांग्रेस नेता जोस जेरी को देश का नया राष्ट्रपति घोषित कर दिया। 38 वर्षीय जोस जेरी ने आधी रात के बाद राष्ट्रपति पद की शपथ ली और 26 जुलाई 2026 तक देश की सेवा करने का वादा किया।

यह फैसला तब आया जब संसद ने बोलुआर्टे के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित किया। सांसदों ने पहले उनसे बचाव का मौका देने के लिए कांग्रेस सत्र में शामिल होने की मांग की थी, लेकिन वह बैठक में नहीं पहुंचीं। इसके बाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया और उन्हें तत्काल पद से हटा दिया गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जोस जेरी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने “संवैधानिक प्रक्रिया” के तहत पद संभाला है, क्योंकि देश में कोई उपराष्ट्रपति नहीं था। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता देश में बढ़ते अपराध को रोकना होगी। जेरी ने कहा, “अपराध आज हमारे देश का सबसे बड़ा दुश्मन है, और हम पुलिस व सेना की मदद से इन आपराधिक संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।”

उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2026 में पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें नए राष्ट्रपति, संसद और सीनेट का चुनाव होगा।

जेरी 26 जुलाई से संसद के अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे, और अब देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच गए हैं।

वहीं, दीना बोलुआर्टे ने पद से हटाए जाने के बाद राष्ट्रपति भवन से देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह वही संसद है जिसने 2022 के अंत में उन्हें शपथ दिलाई थी और अब वही उन्हें हटा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस निर्णय से देश की लोकतांत्रिक स्थिरता को खतरा हो सकता है।

63 वर्षीय बोलुआर्टे की लोकप्रियता बेहद कम थी। उनकी स्वीकृति रेटिंग केवल 2 से 4 प्रतिशत के बीच थी। उन पर पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, हालांकि उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

पेरू में पिछले कुछ वर्षों से लगातार राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है, और यह घटना देश की राजनीति में एक और नया मोड़ साबित हो सकती है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram