अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : दुर्गा पूजा के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलंत खाद्य जांच प्रयोगशाला की टीम लगातार सक्रिय है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर रविवार को टीम ने मोरहाबादी से बोड़ैया तक कई मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट्स और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की ऑन-द-स्पॉट जांच की।
जांच टीम ने दूध से बने उत्पाद जैसे खोया, पनीर, रसगुल्ला, पेड़ा और मिल्क केक के साथ-साथ बुंदिया, लड्डू, चिल्ली पनीर और हल्दी में मिलावट की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक दुकान से लगभग दो किलो बुंदिया में औद्योगिक रंग और दो किलो खोवा में स्टार्च की मिलावट पाई गई। दोनों को मौके पर ही जब्त कर नष्ट कर दिया गया। दुकानदार को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह की गलती दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य दुकानों से लिए गए नमूनों में फिलहाल कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने, कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र रखने और खाद्य निर्माण में केवल स्वच्छ पानी का उपयोग करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने साफ किया है कि यह जांच अभियान दुर्गा पूजा महापर्व की समाप्ति तक जारी रहेगा, ताकि आम जनता को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके और त्योहार पर सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो।

