अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
जारी प्रखंड के श्रीनगर चटकपुर जोड़ा जाम मैदान में आज लगभग हजारों की तैदात में ग्रामीणों ने “हाथी भगाओ अभियान” का जोरदार शुभारंभ किया गया। यह अभियान जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक एवं सीसीकरमटोली पंचायत की मुखिया फूलमैत देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान डुमरी प्रखंड, जारी प्रखंड व चैनपुर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। ग्रामीणों ने “वन विभाग हाय हाय” के नारे लगाकर अपनी व्यथा व्यक्त की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से जारी प्रखंड में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हाथी खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद कर रहे हैं, घर तोड़कर अनाज खा रहे हैं और जान-माल की भारी क्षति पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने कड़ा आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से मात्र दो पटाका और एक टॉर्च देकर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है, जबकि वास्तविक समस्या के समाधान हेतु कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सीसीकरमटोली पंचायत की मुखिया फूलमैत देवी ने कहा कि “2018 से हमारे क्षेत्र में हाथी विचरण कर रहे हैं। इस दौरान कई किसानों की जिंदगी बर्बाद हो चुकी है और कुछ ने अपने प्राण भी खो दिए हैं। वन विभाग केवल फॉर्मेलिटी पूरी कर रहा है, जबकि वास्तविक समाधान नहीं मिल रहा।” ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी 8 दिनों के भीतर हाथी नहीं भगाए गए तो वे डीएफओ ऑफिस का घेराव करेंगे, सड़क जाम करेंगे तथा भूख हड़ताल सहित अन्य आंदोलनों का सहारा लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी की फसल या घर क्षतिग्रस्त होता है, तो वन विभाग मुआवजा देने में ढिलाई बरतता है। पताका और टॉर्च के सहारे केवल हमारी भावनाओं को लुभाया जा रहा है, लेकिन हाथी भगाने की दिशा में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो रही है। इस अवसर पर शेरल कुजूर, अनूप तिग्गा, अनमोल टोप्पो, प्रतिभा तिग्गा, विनोद तीर्की, मरियम एक्का सहित 30 गांवों के ग्रामीण उपस्थित थे और उन्होंने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। 

