Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर खनन टास्क फोर्स की टीम ने मंगलवार देर रात पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान ओडिशा की ओर से बालू लेकर आ रहे एक हाइवा को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में करीब 500 सीएफटी बालू लदा पाया गया। टीम द्वारा चालक से बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद खनन विभाग की टीम ने हाइवा संख्या OD19B-9810 को बालू समेत जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में बालू ओडिशा से लाए जाने की बात सामने आई है। विभाग की ओर से अवैध रूप से खनिज के परिवहन के मामले में कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अधिकारियों के अनुसार मामले में खनिज परिवहन से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में अवैध बालू के उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनन टास्क फोर्स द्वारा नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन और खनिज को जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



