जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की घटना हुई। बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधी अंदर घुस गए और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक से नकदी और सोना लूट लिया और पैदल ही फरार हो गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में करीब 42 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोना-जेवरात लूटे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बैंक से कुल कितनी नकदी और कितना सोना लूटा गया है, इसका अभी आधिकारिक आकलन नहीं हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा अपराधियों के भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है।
लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।




