रांची: राजधानी रांची की पिठौरिया थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों और कांड संख्या में फरार चल रहे चार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पहला नाम रिजवान कुरैशी (26 वर्ष) का है। पिठौरिया थाना कांड संख्या 119/19 (दिनांक 17.10.2019, धारा 461/379 आईपीसी) के तहत नामजद आरोपी रिजवान, ग्राम उलातू का रहने वाला है। वहीं, दूसरा आरोपी मोहम्मद कलाम अंसारी है, जो हालिया कांड संख्या 160/25 (दिनांक 10.12.2025, धारा 316/318 बीएनएस) का प्राथमिकी अभियुक्त है। वह कोकदोरो ग्राम का निवासी है।

इसके अलावा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को भी दबोचा है। इनमें जीआर नंबर 287/12 का वारंटी सुबेर अंसारी (35 वर्ष) और कंप्लेंट केस संख्या 619/19 का वारंटी जावेद अख्तर (48 वर्ष) शामिल हैं। ये दोनों आरोपी भी पिठौरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो ग्राम के रहने वाले हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में गुप्त सूचना और गुप्त निगरानी के आधार पर इन चारों को इनके ठिकानों से गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों की चिकित्सीय जांच कराने के बाद उन्हें रांची कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Share.
Exit mobile version