अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चाईबासा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद मधु कोड़ा ने चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत चल रही ट्रेनों के लगातार विलंब पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, कोलकाता का ध्यान आकृष्ट कराते हुए यात्रियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
मधु कोड़ा ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस, पैसेंजर, डीएमयू एवं शटल ट्रेनें प्रतिदिन कई घंटों की देरी से चल रही हैं। इससे क्षेत्र के आम यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि हावड़ा–बड़बिल, हावड़ा–टाटा, हावड़ा–राउरकेला, टाटा–गुवा, टाटा–बड़बिल, पुरी–बड़बिल सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 5 से 6 घंटे तक विलंब से परिचालित हो रही हैं। इससे यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल से रेलवे को प्रतिवर्ष यात्री और माल ढुलाई से अच्छा खासा राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद यात्री सुविधाओं और समयपालन में सुधार नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने इसे जनहित के विरुद्ध बताया।
मधु कोड़ा ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि ट्रेनों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित किया जाए, परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की जाए और विलंब के कारणों का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इसी क्रम में उन्होंने डंगुआपोसी में दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात कर यात्रियों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा है।
उन्होंने आशा जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे रेल सेवाएं सुचारू हो सकें।

