फॉण्ट कनवर्टर NEW

पौधा संरक्षण केंद्रों में 21 ‘फसल रक्षकों’ की होगी बहाली, 14 नवंबर तक करें आवेदन

साइकिल चलाने और पेड़ पर चढ़ने में माहिर युवाओं को अवसर

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि प्रभाग) ने रांची जिले के किसानों की फसलों को कीटों और बीमारियों से बचाने के लिए एक अनूठी पहल की है। कार्यालय, कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, रांची द्वारा फसल सुरक्षा कार्यक्रम योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए मानदेय/पारिश्रमिक के आधार पर मानव बल ‘फसल रक्षक’ के कुल 21 पदों पर अस्थायी नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

कौन कर सकता है आवेदन? जानें पात्रता व शर्तें

  • शैक्षणिक योग्यता: अभ्यर्थी का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम मैट्रिक (10वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
  • विभागीय प्रशिक्षण: आवेदक के पास कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अंतर्गत कृषि या उद्यान निदेशालय द्वारा संचालित न्यूनतम 5 दिवसीय प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।
  • स्थानीय ज्ञान एवं शारीरिक दक्षता: अभ्यर्थी को स्थानीय भाषा की अच्छी जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह किसानों से सीधा संवाद कर सके। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और बागवानी कार्यों के लिए साइकिल चलाने तथा पेड़ पर चढ़ने की व्यावहारिक दक्षता अनिवार्य रखी गई है।

14 नवंबर तक जमा होंगे आवेदन

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 14 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक अपना आवेदन प्रपत्र जमा कर सकते हैं। नियुक्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देश तथा विहित आवेदन प्रपत्र रांची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchi.nic.in एवं समेती की वेबसाइट www.sameti.org पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

यह भर्ती कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव, जिला स्तरीय चयन समिति, रांची के तत्वावधान में की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित पौधा संरक्षण केंद्रों पर इन फसल रक्षकों की तैनाती से कीट प्रकोप और मौसमी बीमारियों से फसलों के बचाव में तेजी आएगी। ये कर्मी खेतों में जाकर छिड़काव, पौध संरक्षण तकनीकों का प्रदर्शन और किसानों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 10वीं पास स्थानीय युवाओं के लिए अपने गृह जिले में कृषि क्षेत्र से जुड़कर सेवा और अनुभव हासिल करने का यह सुनहरा अवसर है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram