लोहरदगा: जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और सफलता हासिल की है। चंदवा-लोहरदगा रोड के रास्ते ब्राउन शुगर की बड़ी खेप खपाने जा रहे दो शातिर तस्करों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक आलीशान काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी (JH 01 EF 0040), दो महंगे स्मार्टफोन और करीब 10 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक (SP) के सख्त निर्देश पर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया था, जिसमें पुलिस सब-इंस्पेक्टर आदर्श कुमार और अंचलाधिकारी (CO) भी शामिल रहे। टीम ने कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के पास जब नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की, तो एक संदिग्ध थार गाड़ी को रोका गया।
मैट के नीचे छिपा रखा था मौत का सामान
गाड़ी में सवार युवकों की पहचान 26 वर्षीय साजन नायक (अंबेडकर नगर) और 23 वर्षीय राजन कुमार महतो (ग्राम ईंटा) के रूप में हुई है। जब अंचलाधिकारी की मौजूदगी में थार की बारीकी से तलाशी ली गई, तो ड्राइवर सीट के नीचे बिछे काले रंग के मैट के भीतर सफेद कागज में लिपटा हुआ नशीला पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर तौलने पर यह 10 ग्राम ब्राउन शुगर निकली, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ लोहरदगा थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है कि आखिर नशे की यह खेप कहां से आई थी और इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।



