अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Buxar: दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले डुमरांव रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है। आरोप है कि रेलवे प्रशासन ने टिकट घर के पास मुख्य सड़क को काटकर एक ऐसे अधूरे नाले से सीवरेज लाइन जोड़ने का काम शुरू कर दिया है, जिसकी जल निकासी की व्यवस्था अभी तक पूरी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन परिसर में नए पे एंड यूज शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए बनाई गई सीवरेज व्यवस्था को जल्द शुरू करने के उद्देश्य से सड़क काटकर अर्द्धनिर्मित नाले तक नाली बनाई जा रही है। लोगों का आरोप है कि जब नाले में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था ही नहीं है, तब उसमें प्रतिदिन निकलने वाला गंदा पानी छोड़ना भविष्य में गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है।
Read more: बोकारो में रेलवे ट्रैक पर मिले तीन युवकों के शव, इलाके में फैली सनसनी!
ग्रामीणों और यात्रियों का कहना है कि यदि सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो हुआ तो बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा। उनका यह भी कहना है कि पहले शौचालय की टंकी टिकट घर के पूर्वी हिस्से में थी, जहां से निकासी की व्यवस्था पहले से मौजूद थी, लेकिन इस बार बिना पर्याप्त योजना के नया निर्माण कर दिया गया।
स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी राजीव रंजन सिंह सहित कई लोगों ने रेलवे अधिकारियों से इस मामले की शिकायत करते हुए निर्माण कार्य की समीक्षा और उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि सड़क को काटने के बाद उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। बरसात के कारण हल्की बारिश में भी यात्रियों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। यदि बारिश का पानी और शौचालय का सीवरेज एक साथ सड़क पर बहने लगा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
हालांकि, रेलवे की ओर से इस मामले में सफाई भी दी गई है। संबंधित आईओडब्ल्यू महेंद्र रजक ने कहा कि नाले के पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी और यात्रियों या स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

