चैनपुर प्रखंड की कातिंग पंचायत भवन में शुक्रवार को ‘आपकी योजना – आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित और आसानी से ग्रामीणों तक पहुँचाया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला के अपर समाहर्ता शशीन्द्र बड़ाईक ने की। इस अवसर पर अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता, उप प्रमुख प्रमोद खलखो, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, मुखिया शोभा देवी और मधुरा मिंज सहित प्रखंड एवं अंचल के कई कर्मी और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।अपर समाहर्ता शशीन्द्र बड़ाईक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार उन्हें हर योजना का लाभ दे रही है। अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता ने जोर देकर कहा कि सरकार आपकी हर योजना को आपके द्वार तक लेकर आ रही है, ताकि ग्रामीण त्वरित और आसानी से लाभ ले सकें।जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने इस कार्यक्रम के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए बताया कि इसे सरकार की योजनाओं को ‘एक-एक घर तक पहुँचाने’ के लक्ष्य से शुरू किया गया है। उप प्रमुख प्रमोद खलखो ने लोगों से अपील की कि वे लगाए गए योजनाओं के स्टॉलों का भ्रमण कर विस्तृत जानकारी लें और योजनाओं का लाभ उठाएँ। मौके पर ही मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया।राशन कार्ड, जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, बिजली, और आयुष्मान कार्ड सहित कई तरह की योजनाओं का त्वरित निष्पादन कर ग्रामीणों को लाभ दिया गया। जेएसएलपीएस द्वारा महिला समूह को चेक वितरित किए गए।मनरेगा मजदूरों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए।पशुधन योजना के तहत दवा वितरण किया गया।आयुष्मान कार्ड का वितरण हुआ। बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बीमा सहित कई योजनाओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया।कार्यक्रम का समापन मुखिया मधुरा मिंज एवं सचिव लक्ष्मण कुमार राम ने किया। उन्होंने सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को हर व्यक्ति तक पहुँचाने के महत्व पर ज़ोर दिया और जिन लोगों ने लाभ लिया, उन सभी का धन्यवाद किया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सचिव, जनसेवक, प्रज्ञा केंद्र संचालक सह बैंक ऑफ इंडिया बीसी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version