लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पर देवदरिया पंचायत क्षेत्र में महिलाओं ने पंचायत के मुखिया कामिल तोपनो की मंच पर ही जमकर पिटाई कर दी। यह घटना शुक्रवार को देवदरिया पंचायत के खरचा रामलीला मैदान में आयोजित सेवा का अधिकार सप्ताह कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम के अंतिम में ग्रामीण महिलाओं और युवक के परिवार वालों ने अचानक से मुखिया कामिल तोपनो के उपर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद मंच पर ही मुखिया कामिल तोपनो के कॉलर पकड़कर लाठी डंडों से मारपीट की गई। काफी प्रयास के बावजूद महिलाएं और कुछ ग्रामीण मुखिया को खींचते हुए जोबांग थाना परिसर की ओर ले जाने लगे और रास्ते भर मुखिया कामिल तोपनो के साथ मारपीट होती रही। ग्रामीणों का कहना है कि 27 नवंबर को सोपारंग निवासी आशीष भुइयां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। ग्रामीणों के मुताबिक आशीष की परवरिश गांव के ही एक दूसरे परिवार के द्वारा की जा रही थी। कुछ दिनों पूर्व उसके जैविक माता पिता उसे अपने पास ले जाना चाहते थे। इस मामले पर मुखिया की मौजूदगी में बैठक हुई और युवक को पालक परिवार को सौंप दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी निर्णय के कुछ दिन बाद युवक ने आत्महत्या कर ली, जिसे लेकर उसका परिवार और ग्रामीण मुखिया कामिल तोपनो से जवाब मांग रहे थे। इसी आक्रोश में महिलाओं ने मुखिया को देखते ही हमलावर हो गये और मुखिया के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दे डाला। बवाल की सूचना मिलने पर जोबांग थाना पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और मुखिया को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित थाना ले गए। मामले पर थाना प्रभारी सुमन मिंज ने बताया कि मामला को लेकर अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version