चैनपुर (गुमला): चैनपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके सिर और चेहरे पर गहरे जख्म आए हैं। घायल महिला की पहचान प्रेमनगर निवासी मीरा देवी के रूप में हुई है। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।जानकारी के अनुसार, मीरा देवी अपनी निजी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए ट्रैक्टर से ईंट उतरवा रही थीं। इसी दौरान पड़ोस की कौशल्या देवी एवं उनके परिवार के कुछ लोग वहां पहुंचे और ट्रैक्टर चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। जब मीरा देवी ने इसका विरोध किया और विवाद का कारण पूछा, तब स्थिति अचानक हिंसक हो गई। घायल मीरा देवी ने बताया कि वे लोग ट्रैक्टर चालक पर ईंट से हमला कर रहे थे। जब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए कहा कि यदि कोई समस्या है तो उनसे बात की जाए, तभी आरोपियों में से एक ने कुदाल उठाकर उनके चेहरे और सिर पर लगातार वार कर दिया। हमले के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उनके सिर और आंख के पास गंभीर चोटों पर पट्टी की गई है। बताया जा रहा है कि महिला को काफी गहरी चोटें आई हैं। मीरा देवी का कहना है कि जिस जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, उससे संबंधित सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति स्पष्ट कर ली गई थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने कानून को हाथ में लेते हुए हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार एवं एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
कागजात होने के बावजूद महिला पर हमला, प्रेमनगर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप
निजी जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान हुआ हमला, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें




