गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला ग्रामीण विकास शाखा गुमला विद्या भूषण कुमार द्वारा आज शुक्रवार को सदर अस्पताल गुमला का साप्ताहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में रोगी भर्ती वार्ड, किचन कक्ष, दवा वितरण कक्ष तथा अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति तथा उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। एक गंभीर रूप से बीमार मरीज, जो डायबिटिक अल्सर से पीड़ित है, से संबंधित मामले में उपाधीक्षक सदर अस्पताल से विस्तृत चर्चा की गई। उपाधीक्षक द्वारा बताया गया कि मरीज को यथासंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्च केंद्र के लिए रेफर किए जाने की संभावना भी है।
इसी क्रम में एक कन्वल्शन से पीड़ित महिला रोगी एवं 16 वर्षीय मधुमेह ग्रस्त किशोरी के इलाज की प्रगति पर भी विस्तृत जानकारी लेते हुए उपाधीक्षक से आवश्यक चिकित्सा सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल किचन में स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।



