Bokaro News: चास मुफ़्सिल थाना क्षेत्र के धनडाबर स्थित तलगड़िया मुख्य पथ पर बीती शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय घलटु राजवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपनी बाइक (JH 09 Q – 2311) से आमलाबाद ओपी क्षेत्र के भंडारीबांध गांव में रिश्तेदार के यहां निमंत्रण खाकर अपने घर भवानीपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार घलटु राजवार दो पुत्रों के पिता थे तथा जोधा डीह मोड़ स्थित दुकान पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक हुई मौ*त से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही चास मुफ़्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाने की कोशिश की, लेकिन परिजन और ग्रामीण मुआवजा मिलने तक शव उठाने से साफ़ मना कर दिया। समाचार लिखे जाने तक शव सड़क पर ही पड़ा था और ग्रामीण मुआवजा की मांग को लेकर अड़े हुए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके आश्रितों का भविष्य सुरक्षित रह सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश जारी है।



