Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वीडियो 17 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति एक नाबालिग बच्चे को निर्दयता से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। जांच में यह घटना बरही थाना क्षेत्र के हरिनगर मोहल्ला की पाई गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों से संपर्क किया।

पीड़ित नाबालिग की मां ने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर को उनका 11 वर्षीय पुत्र घर के पास क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान हरिनगर निवासी अलोक गुप्ता (उम्र करीब 30 वर्ष), पिता स्वर्गीय विरेंद्र साह, ने बच्चे के साथ अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर बेरहमी से उसकी पिटाई करने लगा। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मां मौके पर पहुंचीं और किसी तरह अपने बेटे की जान बचाई।

घटना के बाद पुलिस ने बरही थाना कांड संख्या 468/25, दिनांक 17/12/25 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 352, 351(2), 3(5) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपी को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन उसने और उसके परिवार के सदस्यों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और 18 दिसंबर 2025 को त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अलोक गुप्ता को हजारीबाग रोड एनएच-33 स्थित युवराज होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है और मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में बच्चों के प्रति बढ़ती हिंसा और असंवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version