देवघर : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। एयरपोर्ट पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव भी मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत उपराष्ट्रपति ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान एमबीबीएस, नर्सिंग और एमडी-एमएस की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 11 छात्र-छात्राओं को पदक और विशेष सम्मान दिया गया।
युवा डॉक्टरों को दिया सेवा का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने युवा डॉक्टरों से मरीजों के इलाज में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का पालन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में काम करते हुए देश और समाज की सेवा करने पर जोर दिया।
दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
उपराष्ट्रपति ने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने दवाइयों और आपातकालीन चिकित्सा सामग्री को दूरदराज के इलाकों तक पहुंचाने के लिए ड्रोन के इस्तेमाल की एम्स देवघर की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और देवघर के विधायक सुरेश पासवान भी शामिल हुए।
सैन्य संपर्क मेले में भी लेंगे हिस्सा
एम्स देवघर के कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में आयोजित सैन्य संपर्क मेले के समापन समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए।



