Chatra : टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में नाबालिग छात्रा के साथ हुई गंभीर घटना के बाद आज विश्व हिन्दू परिषद, चतरा जिला टोली के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ इस प्रकार का अपराध अत्यंत गंभीर एवं निंदनीय है। संगठन की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान की जाए और दोष सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हो। विश्व हिन्दू परिषद ने कहा कि बड़गांव में घटना के बाद हिंदू समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। प्रशासन से आग्रह है कि एकतरफा कार्रवाई से बचते हुए सभी पक्षों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए तथा प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि पीड़ित छात्रा के साथ हुए अपराध में यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की प्रत्यक्ष या परोक्ष संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की जाए। किसी भी दोषी को प्रभाव या पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
वहीं, जो लोग घटनाक्रम के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने, लोगों को शांत कराने, पीड़ित परिवार की सहायता करने अथवा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का प्रयास कर रहे थे और जिनकी हिंसक घटना में प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी, उनके साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। दोषी को दंड और निर्दोष को संरक्षण यही न्याय का मूल सिद्धांत है।
प्रतिनिधिमंडल ने मृत आरोपी अमरोज अंसारी के पूर्व आपराधिक मामलों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेजा गया था। विश्व हिन्दू परिषद ने कहा कि ऐसे पूर्व मामलों के आधिकारिक रिकॉर्ड की भी जांच होनी चाहिए और यदि पूर्व में किसी गंभीर मामले में कार्रवाई के बावजूद अपराध की पुनरावृत्ति हुई है, तो प्रशासन को ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। संगठन ने कहा कि विगत कुछ समय में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध सामने आने वाली गंभीर घटनाओं को लेकर समाज में चिंता बढ़ी है। ऐसी घटनाओं में समयबद्ध कार्रवाई एवं दोषियों को शीघ्र दंड मिलने से अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
विश्व हिन्दू परिषद ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने तथा बड़गांव में व्याप्त भय के वातावरण को समाप्त करने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने का आग्रह किया।प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि हिंदू समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए विश्व हिन्दू परिषद मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। संगठन की मांग है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध निष्पक्ष जांच के बाद कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई हो और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न किया जाए।
मौके पर बजरंगदल प्रांत मिलन केन्द्र प्रमुख संजय चौबे, जिला मंत्री सुधीर कुमार, जिला संयोजक अंकित पांडे, बजरंगदल जिला सुरक्षा प्रमुख बिट्टू सिंह, टंडवा प्रखंड अध्यक्ष सोनू भुईया, विकाश सिंह उपस्थित रहे ।





