Bokaro news: सरस्वती विद्या मंदिर 3C, बोकारो में वीर बाल दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
आज के दिन सरस्वती विद्या मंदिर 3C, बोकारो में वीर बाल दिवस श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य संजीव कुमार,आचार्य अनिल कुमार सिंह , आचार्य विनय तथा आचार्य मनोज पाठक जी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के अद्वितीय साहस एवं बलिदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा अष्टम की बहन ने गीत के माध्यम से गुरु गोबिंद सिंह जी का परिचय कराया। वहीं नवम के भैया तथा अष्टम के भैया द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत नाट्य कार्यक्रम में गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कक्षा चतुर्थ की बहन आर्या द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कविता ने सभी को भावविभोर कर दिया। साथ ही कक्षा 3, 4 एवं 5 के भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सामूहिक नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता आचार्य मनोज पाठक जी ने वीर बाल दिवस के महत्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी एवं उनके चार साहिबजादों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से भैया-बहनों को साहस, त्याग, धर्म और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।



