Jamshedpur News: जमशेदपुर के जादूगोड़ा इलाके में बुधवार सुबह यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) उस समय पूरी तरह थम गया, जब ठेका मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए। मंगलवार को प्रबंधन और मजदूर संगठनों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही, जिसके बाद झामुमो नेता और जिला संयोजक बाघराय मार्डी ने आंदोलन का ऐलान किया था।

मजदूरों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया, प्लांट में एंट्री बंद

सुबह तड़के ही बड़ी संख्या में मजदूर यूसिल के मुख्य द्वार और अस्पताल के पास इकट्टा होने लगे। कुछ ही देर में उन्होंने कुर्सियाँ लगाकर सड़क पर जाम लगा दिया। हालत यह रही कि न तो ठेका कर्मचारी और न ही स्थायी कर्मचारी प्लांट के अंदर जा सके। पूरे परिसर में कामकाज पूरी तरह रुक गया और उत्पादन शून्य पर आ गया। कई विभागों में मशीनें यूँ ही बंद पड़ी रहीं।

मजदूर बोले—मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन नहीं रुकेगा

नेता बाघराय मार्डी ने साफ कहा कि ठेका मजदूरों की समस्याएँ लंबे समय से टेबल पर हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकला है। उनके मुताबिक, प्रबंधन जब तक कोई स्पष्ट और ठोस नीति नहीं बनाता, तब तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी। मजदूरों का कहना है कि अब वे आधे-अधूरे वादों पर भरोसा नहीं करेंगे।

नौकरी, बीमा भुगतान और विस्थापितों की नियुक्ति प्रमुख मुद्दे

हड़ताल की मांगों में सबसे अहम है काम के दौरान मृत कर्मचारियों के आश्रितों को तत्काल नौकरी देना। इसके साथ ही रांबे सोरेन और जून माहली के आश्रितों की नियुक्ति, अजय मुर्मू और दारासिंह नायक की मृत्यु तिथि सुधार कर बीमा भुगतान, विस्थापित परिवारों की लंबित सूची जारी करने और सुरक्षा मानकों में सुधार जैसी बातें शामिल हैं।

फिलहाल मजदूर जादूगोड़ा माइनस गेट पर डटे हुए हैं और प्रबंधन की पहल का इंतजार कर रहे हैं, ताकि बातचीत बहाल हो सके और जाम हटाया जा सके।

Share.
Exit mobile version