Jamshedpur : पुलिस को सोमवार को नई सफलता हाथ लगी है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में हुए कारोबारी हरेराम सिंह के घर फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के दो शूटरों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साकची काशीडीह लाइन निवासी राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू (32) और गोलमुरी निवासी राजेश गिरि उर्फ दांतू (26) के रूप में की गई है। दोनों लंबे समय से प्रिंस खान गिरोह के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।
पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम की मैगजीन, दो जिंदा गोलियां, 315 बोर का देशी कट्टा और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 10 अक्टूबर को भुइयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग की थी।
इस घटना के बाद से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। अब तक इस मामले में मुख्य षड्यंत्रकारी आकाश सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया था। वहीं साजिशकर्ता दशरथ शुक्ला को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे जल्द ही पूछताछ के लिए जमशेदपुर लाया जाएगा ताकि पूरे गिरोह की गतिविधियों का पर्दाफाश हो सके।



