Jamshedpur News:  पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता चौक पर चाकू की नोंक पर ट्रक चालक से छिनतई कर फरार हो रहे दो अपराधियों को पोटका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों की पहचान बर्मामाइंस निवासी विक्की सिंह और टुइलाडुंगरी निवासी आसिफ खान के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए जादूगोड़ा इंस्पेक्टर सह पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि हाता चौक पर एक ट्रक चालक से चाकू दिखाकर लूट की गई है और आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल से सुंदरनगर की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पोटका पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सुंदरनगर थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इलाके में घेराबंदी की।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तुड़ी फुटबॉल मैदान के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के क्रम में उनके पास से ट्रक चालक का पर्स, पर्स में रखे 4080 रुपये नकद, वादी का ड्राइविंग लाइसेंस, घटना में प्रयुक्त दो चाकू और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार इस सफल कार्रवाई में पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा, अवर निरीक्षक सुनील टूटी, बाबुजन बास्की सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Share.
Exit mobile version