रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर अपने होमटाउन रांची को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि उनका नया आलीशान घर है। रांची रिंग रोड के पास सांबो (सेम्बो) पहाड़ी पर धोनी का नया आशियाना तैयार हो रहा है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हाल ही में धोनी खुद निर्माण स्थल पर पहुंचे और घर के निर्माण कार्य का जायजा लिया।
पहाड़ी पर दो एकड़ जमीन में बन रहा है घर
धोनी का नया घर करीब दो एकड़ जमीन पर बनाया जा रहा है। पहाड़ी पर होने के कारण यहां से पूरे रांची शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। शांत वातावरण और चारों ओर हरियाली इस जगह को और खास बनाती है।
यह भी पढ़ें: CM हेमंत को सहियाओं ने दिखाया डिजिटल हुनर, आठ रजिस्टरों का हिसाब अब एक क्लिक पर
बताया जा रहा है कि धोनी ने शुरुआत में तीन मंजिला मकान बनाने की योजना बनाई थी। लेकिन जमीन कृषि योग्य श्रेणी में होने के कारण रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (RRDA) ने निर्माण की ऊंचाई अधिकतम 7 मीटर निर्धारित की। इसके बाद जी प्लस वन यानी दो स्तर के निर्माण की अनुमति मिली।
घर में होगी लग्जरी सुविधाओं की व्यवस्था
धोनी के नए घर का बिल्ट-अप एरिया करीब 2210 वर्ग मीटर बताया जा रहा है। इसके ग्राउंड फ्लोर पर बड़ा हॉल और मल्टी-कार गैराज बनाया जाएगा। पहली मंजिल पर तीन आपस में जुड़ी यूनिट होंगी। प्रत्येक यूनिट में चार कमरे तैयार किए जाएंगे।
इसके अलावा घर के पीछे 15×25 फीट का खुला रिक्रिएशनल एरिया भी बनाया जा रहा है। यहां धोनी अपने परिवार के साथ आराम और सुकून के पल बिता सकेंगे।
यह भी पढ़ें: NHM ने झारखंड के हेल्थ सिस्टम को बनाया स्मार्ट, डिजिटल पहल देख CM ने सराहा
कार और बाइक के शौक को देखते हुए बनेगा बड़ा गैराज
महेंद्र सिंह धोनी को महंगी कारों और बाइकों का खास शौक है। उनके पास लग्जरी और विंटेज वाहनों का शानदार कलेक्शन है। इसमें फरारी, हमर, निसान जोंगा और जीप ग्रैंड चेरोकी जैसी कारें शामिल हैं।
बाइकों की बात करें तो धोनी के कलेक्शन में कावासाकी निंजा H2 और सुजुकी हायाबुसा जैसी महंगी बाइक भी हैं। ऐसे में उनके नए घर का मल्टी-कार गैराज भी आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।
निर्माण स्थल पर पहुंचे धोनी, फैंस में बढ़ी उत्सुकता
सांबो पहाड़ी पर बन रहे घर की तस्वीरें और निर्माण स्थल पर धोनी के पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है। अपने शहर रांची में माही का नया आशियाना लोगों के लिए आकर्षण का विषय बना हुआ है।
अब धोनी के प्रशंसकों को उनके इस नए घर के तैयार होने का इंतजार है।
संबंधित खबरें
- झारखंड CM हेमंत को सहियाओं ने दिखाया डिजिटल हुनर, आठ रजिस्टरों का हिसाब अब एक क्लिक पर
- झारखंड NHM ने झारखंड के हेल्थ सिस्टम को बनाया स्मार्ट, डिजिटल पहल देख CM ने सराहा
- #ट्रेंडिंग गेतलसूद डैम की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पहल, वाहनों की आवाजाही पर रोक
- #ट्रेंडिंग झारखंड की प्राचीन पैटकर चित्रकला को मिलेगा नया जीवन, शोध और बाजार जुड़ाव से संवरेगी विरासत









