फॉण्ट कनवर्टर NEW

दो युवकों की हत्या में दो आरोपी गिरफ्तार, रापचा में जमीन के अंदर मिला था शव

K. Durga Rao. सरायकेला/कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में दो युवकों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे

अपनी भाषा में पढ़ें

K. Durga Rao.

सरायकेला/कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में दो युवकों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि से 13 अगस्त से लापता राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव बरामद किए हैं। पुलिस अब हत्या के पीछे के वास्तविक कारण और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

धतकीडीह स्कूल के पास से तीनों को ले जाने की बात

कांड्रा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 13 अगस्त की शाम राहुल हांसदा, तपन प्रधान और सूरज हांसदा धतकीडीह स्कूल के पास थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और तीनों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें वाहन से गम्हरिया के सरनामूल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, वहां तीनों के साथ कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। बाद में सूरज हांसदा को छोड़ दिया गया, जबकि राहुल और तपन वापस नहीं लौटे। इसके बाद दोनों के परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

पिता की शिकायत पर गठित हुई विशेष टीम

राहुल हांसदा के पिता रवि हांसदा ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

जांच के क्रम में पुलिस ने फुलचंद रघुनाथ हांसदा और रविन्द्र मार्डी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे स्थित वनभूमि पहुंची।

जमीन के अंदर दबे मिले दोनों शव

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर जमीन की खुदाई कराई, जहां दोनों युवकों के शव दबे मिले। पुलिस ने शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत बाहर निकलवाया। शवों की बरामदगी दंडाधिकारी तथा गम्हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ की गई।

घटनास्थल से पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल बाँस की बल्ली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

हत्या की वजह की जांच में जुटी पुलिस

दोनों युवकों की हत्या क्यों की गई, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत विवाद, आपसी रंजिश या कोई अन्य कारण था। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मिलेंगे अहम सुराग

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दोनों युवकों की मौत के कारण और उससे जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी फैलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, दोनों युवकों के शव मिलने की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, कांड्रा थाना प्रभारी बिनोद कुमार मुर्मू, नरसिंह सिंह मुंडा, आकाशदीप, संजय कुमार समेत छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram