Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टिप-टेलर ट्रक (एमएच-12 एलटी-8538) ने पीछे से बाइक (जेएच-05 डीएन-3281) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इनमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) तथा 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम करते थे और काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल गम्हरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने में देरी हुई, जिसके कारण उन्होंने निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर गंभीर रूप से घायल युवक को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित हो गया। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर लोगों ने जाम हटाया और आवागमन सामान्य हो सका।

गम्हरिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share.
Exit mobile version