World News: रूस के कमचटका प्रायद्वीप में शनिवार को आए भूकंप ने लोगों में हड़कंप मचा दिया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र रूसी शहर पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 111 किलोमीटर दूर, 39.5 किलोमीटर की गहराई पर था। तेज झटकों के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी।
भूकंप का असर इतना तेज था कि इलाके की इमारतें हिल गईं और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में फर्नीचर और सामान जोर-जोर से हिलते दिखाई दिए, जबकि कई जगह इमारतों में दरारें पड़ने और बुनियादी ढांचे को नुकसान की खबरें सामने आई हैं। हालांकि अभी तक जानमाल के बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हो सकी है।
कमचटका क्षेत्र के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र तट और निचले इलाकों में न जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और लोगों से शांति बनाए रखने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने का अनुरोध किया।
इस भूकंप का केंद्र अवाचा खाड़ी के पास था, जो प्रशांत अग्नि वलय (Pacific Ring of Fire) का हिस्सा है। यह क्षेत्र अपनी सक्रिय भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस इलाके में बार-बार भूकंप आते रहते हैं, लेकिन 7.4 जैसी तीव्रता के झटके बेहद खतरनाक माने जाते हैं।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भी अलर्ट जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक, जापान के तटों पर मामूली ज्वारीय उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन देश में भूकंप से बड़े नुकसान की संभावना नहीं है।
रूसी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह भूकंप जुलाई में आए 8.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद महसूस किए गए झटकों की श्रृंखला का हिस्सा है। उस समय भी सुनामी की चेतावनी दी गई थी और हजारों लोगों को ऊंचे स्थानों पर शरण लेनी पड़ी थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इतने कम समय में लगातार शक्तिशाली झटके आना खतरे का संकेत है। प्रशासन ने तटीय इलाकों के निवासियों से ऊंचे स्थानों पर जाने और आपातकालीन नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों को सतर्क कर दिया गया है।



