Chaibasa News:  पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मनोहरपुर-आनंदपुर मुख्य मार्ग पर उधंन गांव स्थित फॉरेस्ट नाका के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय जगन्नाथ सिंह उर्फ झंझट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उधंन गांव निवासी जगन्नाथ सिंह मंगलवार रात मनोहरपुर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। जब वह फॉरेस्ट नाका के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार चालक तक पहुंचा जा सके।

इधर, अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे उधंन गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Share.
Exit mobile version