Khunti News: खूंटी जिले में देर रात अचानक हुई फायरिंग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। खूंटी के रानिया थाना क्षेत्र के डोडमा स्थित एक क्रशर प्लांट के कार्यालय पर रात करीब 11:20 बजे अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दहशत का माहौल बन गया।

फायरिंग की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। क्रशर ऑफिस के बाहर खाली कारतूस मिलने की भी चर्चा है।

सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी, 9 जिलों को धमकी

घटना के कुछ घंटे बाद राहुल सिंह गैंग से जुड़े आजाद सरकार ने सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी कर इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली। वायरल संदेश में रांची, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, लातेहार, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और पलामू जिलों के व्यापारियों, ठेकेदारों और कोयला परिवहन से जुड़े लोगों को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे फर्जी या धमकी भरे संदेशों के पीछे अक्सर रंगदारी वसूली की साजिश होती है। झारखंड पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

व्यापारियों में बढ़ी चिंता

घटना के बाद खनन, क्रशर और परिवहन से जुड़े कारोबारियों में डर का माहौल है। कई व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि जिले में फिर से सामान्य हालात लौट सकें।

Share.
Exit mobile version