Social News: जापान के आइची प्रांत की टोयोआके नगरपालिका ने एक अनोखा कदम उठाते हुए स्मार्टफोन, टैबलेट और कंप्यूटर जैसे उपकरणों के इस्तेमाल पर सीमा तय कर दी है। इस आदेश के मुताबिक अब शहर के निवासी प्रतिदिन अधिकतम दो घंटे ही स्मार्टफोन का उपयोग कर पाएंगे। नगरपालिका असेंबली में यह अध्यादेश बहुमत से पारित किया गया और यह 1 अक्टूबर से लागू होगा।

उद्देश्य: स्वास्थ्य और पारिवारिक संवाद

मेयर मासाफुमी कोउकी ने कहा कि इस नियम का मकसद लोगों की नींद को बचाना और परिवारों में संवाद बढ़ाना है। उन्होंने साफ किया कि यह अध्यादेश स्मार्टफोन को नकारने के लिए नहीं है, बल्कि इसके अति-उपयोग से होने वाले नुकसान पर रोक लगाने के लिए है। खासकर बच्चों और किशोरों पर इसका असर देखने की उम्मीद है। आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक विद्यालय के छात्र और छोटे बच्चे रात 9 बजे के बाद, जबकि जूनियर हाई स्कूल और 18 साल से कम उम्र के अन्य बच्चे रात 10 बजे के बाद स्मार्टफोन या अन्य गैजेट्स का इस्तेमाल नहीं करेंगे।

नियम तोड़ने पर नहीं होगा जुर्माना

यह अध्यादेश मार्गदर्शन के रूप में लागू किया गया है। यानी इसका उल्लंघन करने वालों पर किसी तरह का दंड या जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। नियम छात्रों, ऑफिस कर्मचारियों और घरेलू कामकाज में लगे लोगों पर लागू नहीं होगा। यह सिर्फ नागरिकों को जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रोत्साहित करने का एक तरीका है।

लोगों की राय बंटी

टोयोआके के निवासियों की राय इस आदेश पर बंटी हुई है। कुछ का मानना है कि नगरपालिका को परिवारों के निजी मामलों में दखल नहीं देना चाहिए, जबकि कई लोगों ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे से बातचीत का अवसर मिलेगा।

नियम की समीक्षा होगी

नगरपालिका असेंबली ने इसके साथ एक पूरक प्रस्ताव भी पारित किया है। इसमें कहा गया है कि समय-समय पर इस आदेश के प्रभाव और लोगों की राय की समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव किए जाएंगे।

टोयोआके नगरपालिका का यह फैसला भले ही बंधनकारी न हो, लेकिन यह दुनिया के लिए एक मिसाल है कि कैसे डिजिटल युग में स्वास्थ्य और सामाजिक रिश्तों को संतुलित करने की कोशिश की जा सकती है।

Share.
Exit mobile version