Jamshedpur News: आजादनगर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात का पुलिस ने महज एक दिन के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कपाली लिंक रोड स्थित खुशबूनगर निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद आमिर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने न केवल इस चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि मोहल्ले में पहले भी कई छोटी-बड़ी चोरियों को अंजाम देने की बात भी कबूल की है।

मामले की जानकारी देते हुए आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि कपाली लिंक रोड निवासी 66 वर्षीय नौशाद आलम ने 3 जुलाई की शाम अपने घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार, एक्सटेंशन कॉर्ड तथा अन्य सामान चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मोहम्मद आमिर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी आसपास के घरों से बर्तन, रसोई का सामान और राशन जैसी वस्तुओं की चोरी करता रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी चंदन कुमार ने किया। कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक लिवन लकड़ा, दीपक ठाकुर, दीपक कुमार रौशन, सहायक अवर निरीक्षक राकेश रंजन तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Share.
Exit mobile version