Kodermanews: खेल भावना, सामाजिक एकता और युवा उत्साह का संगम दिखा, जब मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित मारवाड़ी बैडमिंटन प्रीमियर लीग का भव्य शुभारंभ हुआ। बैडमिंटन प्रेमियों के चेहरों पर उत्साह और तालियों की गूंज ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अभिषेक शास्त्री द्वारा की गई, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी ऋषभ पहाड़िया ने निभाई। सुशील जैन छाबड़ा एवं उनके परिवार द्वारा दीप प्रज्वलन कर आयोजन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज, श्वेतांबर जैन समाज, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज एवं ब्राह्मण समाज के पदाधिकारीगण, मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारी तथा अन्य मंचासीन अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
खेल प्रतियोगिता की शुरुआत अभ्यास मुकाबले से की गई, जिसमें प्रायोजक परिवार की ओर से सुशील जैन छाबड़ा, सुनील जैन छाबड़ा सुमित जैन छाबड़ा तथा मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राहुल जैन एवं उनके पिता उद्योगपति प्रदीप कुमार जैन ने सहभागिता निभाई। खिलाड़ियों के जोश और खेल भावना ने दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा। पूरे आयोजन का संचालन परियोजना निदेशक ऋषभ पहाड़िया के नेतृत्व में अंकित खेतान, आकाश जैन, प्रतीक जैन, अक्षय जैन, कुशल अग्रवाल एवं रौनक जैन द्वारा सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से किया जा रहा है।
दिन का पहला आधिकारिक मुकाबला नक्श सेठी और यश सेठी के बीच खेला गया, जिसमें यश सेठी ने जीत दर्ज की। आयोजन में कुल 70 मुकाबले खेले जाने हैं। दिनभर खेले गए रोमांचक मुकाबलों के बाद विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले निर्धारित किए गए हैं। अंडर-15 पुरुष एकल वर्ग में दक्ष जगनानी और वैभव चौधरी के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। महिला (15 से 35 वर्ष) एकल वर्ग में रितु जैन और चहेती जैन आमने-सामने होंगी, जबकि महिला (35 वर्ष से अधिक) एकल वर्ग में स्नेह अग्रवाल और रचना जैन फाइनल में पहुंची हैं।
वहीं अंडर-15 पुरुष युगल वर्ग में हर्ष बजाज एवं अभिषेक जैन का मुकाबला यश जैन सेठी एवं केशव अग्रवाल से होगा। आयोजकों के अनुसार पुरुष (15 से 45 वर्ष) एकल एवं युगल तथा पुरुष (45 वर्ष से अधिक) वर्ग के मुकाबले 19 जनवरी को खेले जाएंगे, जिनको लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।



