चैनपुर (गुमला): चैनपुर के साप्ताहिक बाजार के दिन गुरुवार को कुरुमगढ़ वन क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक विशालकाय जंगली हाथी जंगल से निकलकर चैनपुर-जारी मुख्य मार्ग पर पहुंच गया। घटना शंख और लावा नदी के संगम तथा शंख नदी रोड स्थित ईंट भट्ठे के समीप की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले हाथी को शंख और लावा नदी के संगम के पास देखा गया। इसकी सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोग सुरक्षित दूरी से हाथी को देखने लगे और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो भी बनाया।

इसी दौरान हाथी जंगल से निकलकर अचानक चैनपुर-जारी मुख्य सड़क पार करने लगा। संयोग से उस समय चैनपुर का साप्ताहिक बाजार होने के कारण सड़क पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक भीड़ और वाहनों की आवाजाही थी। हाथी को सड़क के बीच देखकर लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां रोककर सुरक्षित दूरी पर खड़े हो गए, जबकि कुछ लोग शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर भगाने का प्रयास करते नजर आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और यात्री इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में जंगली हाथी का आबादी और मुख्य सड़क के करीब पहुंचना किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा लोगों को समय पर सतर्क करने की मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, जनहानि या संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके। फिलहाल हाथी के क्षेत्र में मौजूद होने से आसपास के गांवों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

Share.
Exit mobile version