Gumla: जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत चैनपुर-मांझाटोली मुख्य पथ पर स्थित कटकांया के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टांगीनाथ धाम से मुंडन संस्कार संपन्न कराकर लौट रही एक रिजर्व बस (मेहता बस) शंख घाट मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हृदयविदारक घटना में 5 वर्षीय मासूम शिवम केशरी और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
खुशियों के सफर में पसरा सन्नाटा
मिली जानकारी के अनुसार, सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर निवासी मनीष केशरी के पुत्र का मुंडन संस्कार टांगीनाथ धाम में था। इस कार्यक्रम में सिमडेगा, ठेठईटांगर और ओडिशा से सगे-संबंधी शामिल हुए थे। अनुष्ठान के बाद सभी श्रद्धालु बस से लौट रहे थे, तभी मांझाटोली के संकरे और खतरनाक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।
बचाव कार्य और स्थानीय मदद
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस पलटने से करीब 20 यात्री उसके नीचे दब गए थे। सूचना मिलते ही मांझाटोली के उपप्रमुख दीपक कुजूर और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी।
घायलों की स्थिति
सदर अस्पताल में भर्ती घायलों में सरस्वती देवी (28), मनीषा कुमारी (15), संध्या देवी (30), अयोध्या प्रसाद केशरी (70) और मीरा देवी (55) समेत 40 लोग शामिल हैं। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही से।
इस खबर को भी पढ़ें : झारखंड का ‘कैलाश’ टांगीनाथ धाम, जहां परशुराम के फरसे में आज भी बसते हैं भोलेनाथ



