Mumbai: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महीनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और कथित पेपर लीक माफिया बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके साथ एक अन्य सहयोगी को भी हिरासत में लिया है।
Read more: TET पेपर लीक मामले में मोस्ट वांटेड कपिल दहिया समेत 3 और गिरफ्तार
बिहार से कैसे हुई गिरफ्तारी?
महाराष्ट्र पुलिस बिजेंद्र की तलाश में बिहार सहित कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने उसे धर दबोचा। बिजेंद्र गुप्ता का नाम देश भर में हुए कई चर्चित पेपर लीक घोटालों में सामने आता रहा है। इससे पहले एक स्टिंग ऑपरेशन में उसने कथित तौर पर परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं की सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों और पेपर लीक सिंडिकेट के काम करने के तरीकों का खुलासा किया था।
पूर्व में पत्नी समेत कई आरोपी जा चुके हैं जेल
जांच अधिकारियों के मुताबिक, महाराष्ट्र टीईटी मामले में पूर्व में बिजेंद्र की पत्नी समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, बिजेंद्र लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और सिंडिकेट के अवैध धन को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
Read more: महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर एकनाथ शिंदे सख्त, मुख्य आरोपितों पर मकोका लगाने की मांग
पूछताछ में खुलेंगे सिंडिकेट के बड़े राज
फिलहाल पुलिस उसे रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। बिजेंद्र की यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले छात्र लगातार पेपर लीक माफियाओं पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ऐसे में इस मास्टरमाइंड का पकड़ा जाना जांच एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Read more: सरकार का बड़ा फैसला: TET पास नहीं करने वाले शिक्षकों के लिए 2026 में मिलेगा तीन बार मौका




