East Singhbhum : जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ सोमवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। तड़के करीब पांच बजे बाइक पर सवार दो अपराधियों ने कुख्यात बदमाश गुड्डू पांडेय के घर पर चार राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि हमलावरों में शामिल टेका चौधरी ने पहले घर की कॉल बेल बजाई, गाली-गलौज की और फिर फिल्मी अंदाज में पिस्तौल से गोलियां चला दीं। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फायरिंग के समय आसपास कई लोग मॉर्निंग वॉक पर थे। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में छिप गए। गुड्डू पांडेय उस वक्त घर पर नहीं था क्योंकि प्रशासन ने उसे पहले ही तड़ीपार किया हुआ है। गोली चलने की आवाज सुनते ही उसके परिजन पिछवाड़े के रास्ते भागकर जान बचाने में सफल रहे।
सूचना के बावजूद पुलिस घटनास्थल पर करीब ढाई घंटे बाद पहुंची। जांच में तीन खोखा बरामद किए गए और सीसीटीवी फुटेज जब्त किया गया जिसमें टेका चौधरी और उसका साथी स्पष्ट नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह हमला पुराने विवाद का परिणाम है। करीब एक वर्ष पूर्व गुड्डू पांडेय ने टेका चौधरी की पिटाई की थी। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे कई गिरोहों से जुड़े बताए जाते हैं।



