Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब आउट गेट के पास खड़ी एक कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। पार्किंग में मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही कार से तेज धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि बीच स्टेशन पर हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, यह राहत की बात रही।
परिवार को ट्रेन छोड़ने आए थे, बाहर लौटे तो कार जल चुकी थी
गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक अपने बेटे को दुरंतो एक्सप्रेस में बैठाने स्टेशन आए थे। उन्होंने अपनी हुंडई जैज़ कार आउट गेट के पास खड़ी की और परिवार के साथ प्लेटफॉर्म चले गए। इसी दौरान लोगों ने कार से धुआं उठते देखा। कुछ ही सेकंड में आग की ऊँची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी कार के करीब नहीं जा पा रहा था।
दमकल टीम ने काबू पाया, कारण की जांच जारी
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बाहर लौटने पर श्रीनिवास नायक को अपनी कार राख के ढेर में बदल चुकी मिली। उन्होंने बताया कि स्टेशन के अंदर ही किसी शख्स ने उन्हें कार में आग लगने की सूचना दी थी। उनका अनुमान है कि हादसा शायद शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ होगा, हालांकि सही कारण का पता जांच के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन दोनों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



