Ahmedabad: अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम बुधवार को टी20 विश्व कप के सबसे बड़े रोमांच का गवाह बना। दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया यह मैच निर्धारित 20 ओवरों और पहले सुपर ओवर में भी बराबरी पर रहा। अंततः दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 4 रन से हराकर जीत अपने नाम की।
निर्धारित मैच का रोमांच: पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने रयान रिकल्टन (61) और क्विंटन डिकॉक (59) के अर्धशतकों की मदद से 6 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज ने 42 गेंदों पर 84 रनों की आतिशी पारी खेलकर मैच को अफगानिस्तान की मुट्ठी में कर दिया था। अंतिम क्षणों में राशिद खान और नूर अहमद ने संघर्ष किया, लेकिन आखिरी गेंद पर विनिंग रन लेने के चक्कर में फजलहक फारुखी रन आउट हो गए और मैच 187 रनों पर टाई हो गया।
पहला सुपर ओवर: अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए ठीक 17 रन जोड़ दिए, जिसके कारण मैच दूसरे सुपर ओवर में चला गया।
दूसरा सुपर ओवर और निर्णायक क्षण: दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। डेविड मिलर (16 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (7 रन) ने मिलकर स्कोर को 23 रन तक पहुंचाया। 24 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगान टीम की शुरुआत खराब रही और मोहम्मद नबी दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए।
इस खबर को भी पढ़ें : T20 World Cup 2026: आज मैदान पर उतरेगा पाकिस्तान, यूएई और नामीबिया का आगाज
अंतिम 4 गेंदों पर 24 रनों की जरूरत थी। रहमानुल्लाह गुरबाज ने केशव महाराज को लगातार तीन छक्के जड़कर स्टेडियम में खलबली मचा दी। एक वाइड के बाद आखिरी गेंद पर 5 रनों की दरकार थी, लेकिन गुरबाज इस बार बाउंड्री पार नहीं कर सके और आउट हो गए। दक्षिण अफ्रीका ने यह सांस रोक देने वाला मुकाबला महज 4 रन से जीत लिया।



