Ranchi : रांची नगर निगम में कार्य अनुशासन और स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से अपर प्रशासक संजय कुमार ने आज विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालयों की स्वच्छता और कार्य संस्कृति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों पर शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों के आवेदन पत्रों और उपस्थिति रजिस्टरों की जांच भी की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित न रहे।
अपर प्रशासक ने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देश दिया कि कार्य अनुशासन और समयपालन पर विशेष ध्यान दें तथा प्रतिदिन उपस्थिति रजिस्टर का सत्यापन सुनिश्चित करें। साथ ही, कार्यालय परिसर की स्वच्छता और आम नागरिकों के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
श्री कुमार ने कहा कि निगम का प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और समयबद्धता से निर्वहन करे। निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक, कार्यालय अधीक्षक और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



