Chatra: चतरा के सिमरिया इलाके से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर कलेजा मुंह को आ जाए। शिला ओपी पिकेट में मंगलवार की रात करीब 10 बजे जब सब कुछ शांत था, अचानक एक गोली चलने की आवाज ने पूरे कैंप में हड़कंप मचा दिया। जवान जब दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर सबकी रूह कांप गई। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 35वीं बटालियन का एक जांबाज जवान जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। अफसोस कि जब तक साथी उसे संभाल पाते, उसकी सांसें थम चुकी थीं।

मृतक की पहचान देवघर जिले के महतोडीह गांव के रहने वाले प्रह्लाद कुमार सिंह के रूप में हुई है। प्रह्लाद इन दिनों संवेदनशील शिला पिकेट पर तैनात थे। जैसे ही ये खबर उनके गांव पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस अधीक्षक और एसएसबी के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन पिकेट के हर कोने में इस वक्त सिर्फ सन्नाटा और गम पसरा हुआ है।

शुरुआती जांच में यही लग रहा है कि प्रह्लाद किसी पारिवारिक उलझन या मानसिक दबाव में थे। हालांकि, सच क्या है ये तो पूरी जांच के बाद ही साफ होगा। फिलहाल तो बस यही दुआ है कि ईश्वर उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दे।

Read more: खलारी में ‘खूनी’ इश्क: युवती को मारी गोली, फिर वीडियो बनाकर खुद को किया शूट

Share.
Exit mobile version