World News: स्पेन में रविवार शाम एक भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। कोर्डोबा प्रांत के एडमुज गांव के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। यह हादसा इस सदी का स्पेन का सबसे घातक रेल हादसा माना जा रहा है।
हादसा रविवार शाम करीब 7 बजकर 45 मिनट पर हुआ। जानकारी के मुताबिक मलागा से मैड्रिड जा रही निजी कंपनी Iryo की हाई-स्पीड ट्रेन का पिछला हिस्सा अचानक पटरी से उतर गया। उसी समय दूसरी दिशा से आ रही Renfe की ट्रेन उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेनों के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार में बड़ा रेल हादसा: नदी के पुल पर मालगाड़ी बेपटरी, 5 डिब्बे नीचे गिरे
आंदालूसिया के क्षेत्रीय अध्यक्ष Juanma Moreno ने बताया कि घायलों में से 15 की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त ट्रेन में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने मंजर को डरावना बताया। ट्रेन में सफर कर रहे पत्रकार साल्वाडोर जिमेनेज ने कहा कि टक्कर के समय ऐसा लगा मानो तेज भूकंप आ गया हो। चीख-पुकार के बीच यात्रियों ने आपातकालीन हथौड़ों से खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की।
घटनास्थल दूर-दराज इलाके में होने के बावजूद स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को कंबल और पानी मुहैया कराया। इसके बाद स्पेनिश सेना, रेड क्रॉस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
इस खबर को भी पढ़ें : मेक्सिको में मौ’त की रफ्तार: पटरी से उतरी ट्रेन, 13 की मौ’त और 100 लहूलुहान!
इस दर्दनाक हादसे पर स्पेन के प्रधानमंत्री Pedro Sánchez, राजा Felipe VI और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष Ursula von der Leyen ने गहरा शोक व्यक्त किया है। स्पेन, जो अपने 3100 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के लिए दुनिया में सुरक्षित माना जाता है, वहां इस हादसे ने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : रेल पुल के पिलर धंसे, पहले निकली राजधानी एक्सप्रेस फिर रोकी गई मेमू ट्रेन
फिलहाल मैड्रिड और आंदालूसिया के बीच रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है।



