Jamshedpur News: सोनारी थाना क्षेत्र के गोला बस्ती में सोमवार देर रात लगी आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एक स्क्रैप टाल में उठीं भीषण लपटों ने आसपास के क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की बस्ती तक पहुंचने लगी, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
संपत्ति खाक, पर जनहानि नहीं
इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई, हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंचती, तो आग पास की घनी बस्ती में फैल सकती थी।
स्क्रैप टाल के मालिक सुरेंद्र गुप्ता ने बताया, “रात में पूजा कर घर लौटने के कुछ समय बाद फोन आया कि टाल में आग लग गई है। पहुंचकर देखा तो पूरा टाल जल रहा था।”
विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे
मंगलवार की सुबह विधायक सरयू राय खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आग प्रभावित टाल मालिक से मुलाकात की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। फिलहाल, प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।



