गढ़वा। जिले के रंका प्रखंड में SIR फॉर्म भरने के दौरान कथित तौर पर ‘खर्चा-पानी’ मांगने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक महिला BLO पर फॉर्म भरने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगाया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित महिला BLO को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

प्रशासन ने नोटिस में निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि महिला कर्मी का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया या जांच में आरोप सही साबित हुए, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सेवा से बर्खास्तगी जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि निर्वाचन संबंधी कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से किए जाने चाहिए। किसी भी कर्मचारी द्वारा आम लोगों से पैसे मांगना या अनुचित लाभ लेने का प्रयास गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई कर्मचारी सरकारी कार्य के बदले पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।

Share.
Exit mobile version