Jharkhand News: सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड के समसेरा गांव स्थित संत तेरेसा चर्च में देर रात करीब 1:30 बजे नकाबपोश डकैतों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। चार से पांच की संख्या में आए बदमाश हथियारों से लैस थे और चर्च परिसर में स्थित पादरियों के आवास में घुस गए।

डकैतों ने पहले फादर इग्नासियुस टोप्पो, फादर अगुस्टीन डुंगडुंग और फादर रोशन सोरेंग को हथियार के बल पर धमकाया और तिजोरी की चाबी मांगी। चाबी देने से इनकार करने पर उन्होंने तीनों पादरियों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और एक कमरे में बांधकर बंद कर दिया।

इसके बाद डकैतों ने तिजोरी तोड़कर चर्च, स्कूल और पल्ली के करीब आठ लाख रुपये लूट लिए। पादरियों ने बताया कि डकैत ओड़िया भाषा में बात कर रहे थे और उनके पास कट्टा, भुजाली जैसे घातक हथियार थे।

घायल पादरियों को पहले बोलबा अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Share.
Exit mobile version