Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पटना में आयोजित भाजपा के “प्रबुद्ध सम्मेलन” में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।

भाजपा पटना महानगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों की बड़ी भागीदारी राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें मंत्री या बड़ा नेता कहते हैं, लेकिन वह स्वयं को हमेशा “कार्यकर्ताओं का कार्यकर्ता” मानते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है।

अपने संबोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का जो सपना कभी देखा गया था, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार होता दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार भारत आज वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक समय ऐसा था जब दुनिया भारत को भ्रष्टाचार और घोटालों के नजरिए से देखती थी, लेकिन पिछले वर्षों में देश की छवि में व्यापक बदलाव आया है। आज भारत निवेश, नवाचार, आर्थिक प्रगति और वैश्विक नेतृत्व के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से नरेंद्र मोदी के साथ काम कर रहे हैं और हमेशा उन्हें राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाला नेता पाया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकवाद और उसके समर्थकों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। भारत की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गरीब कल्याण प्रमुख है। करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है। बिहार में भी महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि देश में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों, अटल टनल, आधुनिक राजमार्गों, डिजिटल इंडिया अभियान और ऊर्जा क्षेत्र में हुए सुधारों ने भारत को नई पहचान दी है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का उदाहरण भी पेश किया।

विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब समाज को कुछ महत्वपूर्ण संकल्प लेने की आवश्यकता है। उन्होंने ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’, स्वदेशी उत्पादों के अधिक उपयोग और नागरिक कर्तव्यों के ईमानदारी से पालन को विकसित भारत की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि किसान, शिक्षक, कर्मचारी, व्यापारी और समाज का प्रत्येक वर्ग अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।

अपने संबोधन के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास, किसानों की समृद्धि, ग्रामीण आधारभूत संरचना के विस्तार और गरीब कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अमृतकाल में नई उपलब्धियों का इतिहास रचेगा और विश्व पटल पर अपनी भूमिका को और अधिक मजबूत बनाएगा।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार, संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रीति शेखर, जिला अध्यक्ष रूप नारायण, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, प्रभाकर मिश्रा, हरि भूषण ठाकुर बचौल, सीता साहू सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version