Jamshedpur News: उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई श्यामनगर में गुरुवार सुबह उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब चार दिनों से लापता 24 वर्षीय प्रदीप साहू का शव स्वर्णरेखा नदी के छठ घाट के पास संदिग्ध हालत में मिला। शव मिलते ही इलाके में अफरा–तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घाट की ओर उमड़ पड़े।

इस खबर को भी पढ़ें : श्यामनगर में सनसनी: युवक का शव नदी से बरामद, तीन साथी हिरासत में

नदी किनारा बना अड्डा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संकोसाई रोड नंबर 1 का नदी किनारा नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का ठिकाना बनता जा रहा है। लोगों का कहना था कि पुलिस की गश्त कमजोर होने से ऐसे लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं। शव की पहचान होने के बाद परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्से में लोगों ने प्रदीप का शव उठाकर उलीडीह थाना के पास मुख्य सड़क पर रख दिया और जाम शुरू कर दिया। इसके कारण संकोसाई रोड नंबर 1 से आजादनगर जाने वाला मार्ग घंटों तक पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी लाइन लग गई।

“चार दिन से गायब था, पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई”

परिजनों ने कहा कि प्रदीप रविवार शाम से लापता था, लेकिन पुलिस की ओर से खोजबीन में तेजी नहीं दिखाई गई। उनकी मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उधर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा, नशे से जुड़े विवाद या अन्य कारणों की संभावनाएं खंगाली जा रही हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।

पुलिस के आश्वासन के बाद हटाया गया जाम

थाना प्रभारी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि नदी किनारे गश्त बढ़ाई जाएगी और नशे की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, हालांकि इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है और लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version