लोहरदगा: सेवा भारती लोहरदगा द्वारा चुन्नीलाल उच्च विद्यालय के प्रांगण में लगातार 181वें सप्ताह भी रविवार की सुबह 7:30 बजे से निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ, डॉ. कुमुद अग्रवाल, सचिव जयप्रकाश शर्मा एवं सहसचिव संजय चौधरी ने संयुक्त रूप से भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर शिविर का शुभारंभ किया। उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय के जयघोष से पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया। शिविर में 30 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराते हुए लाभ लिया। हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड, ब्लड ग्रुप, शुगर, बीपी, वजन, हार्ट बीट तथा ऑक्सीजन लेवल सहित कई जांचें पूरी तरह निशुल्क की गईं। साथ ही अन्य पैथोलॉजी जांचें भी आधे शुल्क पर उपलब्ध कराई गईं। जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ ने बताया कि सेवा भारती का लक्ष्य है कि हर माह सभी प्रखंडों के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में जाकर एक दिन का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग जांच व परामर्श से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे समय पर जांच कराकर अपनी सेहत के प्रति सजग हों।डॉ. कुमुद अग्रवाल ने बढ़ती ठंड को देखते हुए महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए लोग धूप में बैठें, गर्म तेल से मालिश करें और शरीर को गर्म रखें। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता को जीवन का आवश्यक हिस्सा बताया।सचिव जयप्रकाश शर्मा, सहसचिव संजय चौधरी और सूरज साहू ने कहा कि सेवा भारती का यह साप्ताहिक स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए एक भरोसेमंद सहारा बन चुका है, जहां हर रविवार केवल एक घंटे में सैकड़ों लोग इलाज और सलाह पाकर स्वस्थ हो रहे हैं।शिविर में जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ, डॉ. कुमुद अग्रवाल, जयप्रकाश शर्मा, संजय चौधरी, सूरज साहू सहित अंजलि सर्राफ, सुरेश कास्यंकार, सत्यम सर्राफ, नवनीत गौर, अतुल सर्राफ, शैलवाला देवी, सीता देवी, विकास कुमार, माधुरी देवी, बृजेश सिंह, रामकुमार महतो, सच्चिदानंद अग्रवाल, राधा देवी, रंजू देवी, तपेश्वर प्रसाद, रमेश शर्मा, किशोर अग्रवाल, मंगरु भगत, शिमला देवी, ममता बंका, शमशाद अंसारी, मीना देवी आदि उपस्थित थे। सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य जागरूकता का यह सतत अभियान अब लोहरदगा में जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है।



