Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले में एक बार फिर क्रिकेट का जबरदस्त उत्सव देखने को मिलेगा। बलदेव साहू स्टेडियम में 10 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाला बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट इस बार आईपीएल की तर्ज पर बेहद भव्य और रोमांचक होगा। आयोजन को लेकर जिला क्रिकेट संघ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। टूर्नामेंट का ग्रैंड आगाज 9 फरवरी 2026 को होगा, जहां रशियन बैंड द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी भी रहेगी, जिससे जिले की सांस्कृतिक पहचान को मंच मिलेगा। इस मेगा इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा भारतीय क्रिकेट टीम के अंतरराष्ट्रीय सितारे वीरेंद्र सेहवाग और हरभजन सिंह का लोहरदगा आगमन। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने आयोजन समिति के निमंत्रण पर अपनी सहमति दे दी है। इसके अलावा जेएससीए के सचिव सह पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी, सह सचिव व पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शाहबाज नजीम की उपस्थिति भी तय मानी जा रही है। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव को भी आमंत्रित किया गया है। मैचों के दौरान चीयर गर्ल्स, बॉलीवुड की जानी-मानी फिल्म कलाकारों की मौजूदगी और आधुनिक प्रस्तुतियां दर्शकों के उत्साह को दोगुना करेंगी। वहीं, समापन समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। संघ के सचिव आलोक राय ने बताया कि स्टेडियम में टर्फ विकेट, फ्लड लाइट, पेयजल, पवेलियन समेत सभी सुविधाओं को उच्चस्तरीय बनाया जा रहा है। इस अवसर पर संघ अध्यक्ष डीपी साहू ने कहा कि लोहरदगा झारखंड का क्षेत्रफल में सबसे छोटा जिला जरूर है, लेकिन दिल से सबसे बड़ा है। यही कारण है कि यहां के खिलाड़ी खेल के हर क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। कुल मिलाकर, फरवरी 2026 में लोहरदगा क्रिकेट के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आएगा और यह आयोजन जिले को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।

Share.
Exit mobile version