Ranchi : झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को चान्हो प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें भारी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) समेत कई कर्मी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
मंत्री ने कार्यालय के सभी कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने शिकायत की कि अधिकारी अक्सर समय पर नहीं आते, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित होते हैं और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
कार्यालय में पसरे सन्नाटे और बंद कमरों को देखकर मंत्री तिर्की ने नाराजगी जताई। उन्होंने तुरंत रांची उपायुक्त (डीसी) को इसकी जानकारी दी और निर्देश दिया कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर सभी अनुपस्थित कर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया जाए। साथ ही, बीडीओ और सीओ से भी कारण बताने को कहा गया कि वे कार्यालय समय में अनुपस्थित क्यों रहे।
मंत्री ने कहा कि चान्हो प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों की अनियमित उपस्थिति और जनता की समस्याओं की अनदेखी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, इसलिए यह औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय जनता की सुविधा और सेवा के लिए है, न कि व्यक्तिगत हितों के लिए। यदि अधिकारी और कर्मचारी अनुशासन का पालन नहीं करेंगे, तो ऐसे लोगों की आवश्यकता मांडर विधानसभा क्षेत्र में नहीं है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री की पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे अब सरकारी कार्यालयों में व्यवस्था सुधरेगी।



