चैनपुर (गुमला): चैनपुर अनुमंडल क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। चैनपुर एसडीपीओ श्रुति की अध्यक्षता में अब प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। इसी क्रम में मंगलवार को चैनपुर थाना परिसर स्थित सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। एसडीपीओ श्रुति ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकने से बचाना तथा पुलिस प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। एसडीपीओ श्रुति ने बताया कि चैनपुर अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चैनपुर, डुमरी, जारी, कुरुमगढ़, रायडीह एवं सुरसंग थाना क्षेत्रों के नागरिक प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में अपनी शिकायतें लेकर आ सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा, “यदि अनुमंडल क्षेत्र के किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी है या उनके मामलों का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है, तो वे हर मंगलवार को जनसुनवाई में आकर सीधे अपनी बात रख सकते हैं। ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान करना हमारी पहली प्राथमिकता है।” जनसुनवाई के पहले ही दिन कई महत्वपूर्ण मामलों पर मौके पर आवश्यक निर्देश जारी किए गए। इससे उपस्थित ग्रामीणों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी होगी तथा पुलिस प्रशासन के साथ उनका संवाद भी मजबूत होगा।
एसडीपीओ श्रुति की नई पहल, हर मंगलवार होगी जनसुनवाई
अनुमंडल क्षेत्र के छह थानों के नागरिक अब सीधे एसडीपीओ के समक्ष रख सकेंगे अपनी समस्याएं




